रतलाम
चीनी की अधिकतम स्टॉक सीमा 4 हजार से घटाकर 2 हजार क्विंटल की गई, 15 सितम्बर से संशोधित स्टॉक सीमा प्रभावशील, जिला आपूर्ति अधिकारी रतलाम ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जारी आदेश दिनांक 03 सितम्बर 2026 के माध्यम से चीनी की अधिकतम स्टॉक सीमा में संशोधन करते हुए कोलकाता एवं उसके विस्तारित महानगरीय क्षेत्र को छोड़कर अन्य क्षेत्रों के लिए चीनी की अधिकतम स्टॉक सीमा 4 हजार क्विंटल से घटाकर 2 हजार क्विंटल निर्धारित की गई है। उक्त संशोधन 15 सितम्बर 2026 से प्रभावशील हो गया है।संदर्भित संशोधित प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए सभी संबंधित डीलरों को आदेश का पालन करने हेतु निर्देश प्राप्त हुए हैं। निर्देशों के परिपालन में संशोधित प्रावधान जिले के संबंधित शक्कर व्यापारी/थोक विक्रेता, रिटेलर, बिग चेन रिटेलर एवं प्रोसेसर को अवगत कराने का अनुरोध किया गया है।
ये भी पढ़िए
नशा तस्करों की अवैध कमाई पर रतलाम पुलिस का एक और सीधा प्रहार, दो प्रकरणों में करीब ₹1 करोड़ की संपत्ति फ्रीज — SAFEMA/NDPSA सक्षम न्यायालय ने जारी किए आदेश, 545 किलो डोडा चूरा प्रकरण के दोषी की करीब ₹70 लाख की कृषि भूमि तथा नशा तस्करी से जुड़े परिवार की करीब ₹30 लाख की संपत्ति फ्रीज, पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के कुशल निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध रतलाम पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध केवल गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए नशे के अवैध कारोबार से अर्जित आय एवं उससे निर्मित संपत्तियों को चिन्हित कर उनकी आर्थिक गतिविधियों पर प्रहार किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर कार्रवाई करते हुए SAFEMA कोर्ट, मुंबई द्वारा दो पृथक प्रकरणों में आरोपियों एवं उनके परिजनों से संबंधित लगभग ₹1 करोड़ मूल्य की संपत्तियों के फ्रीजिंग आदेशों की पुष्टि (Confirmation) की गई है। औद्योगिक क्षेत्र थाना जावरा पुलिस द्वारा आरोपी गोविंद सिंह राजपूत पिता चेन सिंह राजपूत, निवासी ग्राम अकिया उमहेड़ा, थाना दलौदा, जिला मंदसौर के विरुद्ध दर्ज अपराध क्रमांक 485/2016 में 545 किलोग्राम डोडा चूरा की बरामदगी के आधार पर कार्रवाई की गई थी। आरोपी गोविंद सिंह राजपूत को इस प्रकरण में विशेष NDPS न्यायालय जावरा द्वारा दिनांक 05.04.2022 को 10 वर्ष के सश्रम कारावास एवं ₹1,50,000/- के अर्थदंड से दंडित किया जा चुका है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के संबंध में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस द्वारा NDPS Act की धारा 68F(1) के तहत दिनांक 22.08.2026 को फ्रीजिंग हेतु करवाई की गई।
फ्रीज की गई संपत्ति
ग्राम अकिया उमहेड़ा स्थित दो कृषि भूमियां सर्वे नंबर 1775/1 एवं 1779/2
अनुमानित कुल मूल्य — ₹70,00,000/-
उक्त फ्रीजिंग कार्रवाई को SAFEMA/NDPSA सक्षम प्राधिकारी, मुंबई द्वारा पुष्टि प्रदान की गई है।
दूसरे प्रकरण में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस द्वारा असलम खान पिता उस्मान खान एवं उस्मान खान पिता मुन्ना खान, निवासी ग्राम उमठपालिया, थाना जावरा, जिला रतलाम के विरुद्ध दर्ज केस क्रमांक 625/2024 में कार्रवाई की गई। प्रकरण में NDPS Act की धारा 8, 15, 18, 25 एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध है। दोनों आरोपियों की नशा तस्करी में संलिप्तता एवं अवैध आय से संपत्ति अर्जित किए जाने के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज एकत्रित कर प्रस्ताव तैयार किया गया। आरोपी असलम खान को दिनांक 24.10.2024 तथा उस्मान खान को दिनांक 11.12.2024 को गिरफ्तार किया गया था। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के संबंध में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस द्वारा दिनांक 21.08.2026 को फ्रीजिंग हेतु कार्यवाही की गई।
फ्रीज की गई संपत्ति
ग्राम उमठपालिया स्थित पक्का मकान
रतलाम शहर स्थित एक अतिरिक्त मकान
अनुमानित कुल मूल्य — ₹30,00,000/-
उक्त फ्रीजिंग आदेश की भी SAFEMA/NDPSA सक्षम प्राधिकारी, मुंबई द्वारा पुष्टि की गई है।
दो प्रकरणों में करीब ₹1 करोड़ की संपत्ति पर कार्रवाई इस प्रकार दोनों प्रकरणों में नशे के अवैध कारोबार से संबंधित आरोपियों/परिवार से जुड़ी करीब ₹1 करोड़ की संपत्ति के फ्रीजिंग आदेशों की सक्षम प्राधिकारी द्वारा पुष्टि की गई है।
सराहनीय भूमिका उप पुलिस अधीक्षक प्रकाश गडरिया थाना प्रभारी आई ए जावरा, सउनि दिनेश चंद्र नागर, प्र आर मनीषा पाटीदार, आर सुनीता जाट आदि की सराहनीय भूमिका रही।
नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में बड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, रतलाम पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार को केवल सड़क स्तर पर रोकना ही नहीं, बल्कि इसके पीछे काम कर रहे आर्थिक नेटवर्क को भी कमजोर करना है।
नशा तस्करों द्वारा अवैध कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार फ्रीजिंग की कार्रवाई की जा रही है, ताकि अपराध से अर्जित आर्थिक लाभ को समाप्त किया जा सकता है । नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजना हमारी कार्रवाई का एक हिस्सा है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन और उससे बनाई गई संपत्ति पर प्रहार करना भी उतना ही आवश्यक है। रतलाम पुलिस नशे के कारोबार की आर्थिक जड़ तक पहुंचकर उसके नेटवर्क को कमजोर करने के लिए लगातार कार्रवाई करेगी।
ये भी पढ़िए
गणेशोत्सव की सुरक्षा को लेकर रतलाम पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, एसपी अमित कुमार ने शहर का भ्रमण कर गणेश पंडालों का किया निरीक्षण, आयोजकों से किया संवाद,
शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में गणेशोत्सव संपन्न कराने हेतु पुलिस की जमीनी तैयारी। रतलाम गणेशोत्सव पर्व को जिले में सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए रतलाम पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों एवं बल द्वारा लगातार मैदानी स्तर पर भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा रतलाम शहर का भ्रमण कर विभिन्न श्री गणेश प्रतिमा स्थलों एवं गणेश पंडालों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, आमजन की सुविधा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गणेशोत्सव आयोजकों से प्रत्यक्ष संवाद कर पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से मनाने के संबंध में आवश्यक समझाइश दी।
आयोजकों से संवाद कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश–
पुलिस अधीक्षक ने गणेशोत्सव समितियों एवं आयोजकों से चर्चा करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हों। आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी किसी भी स्थिति में पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए कहा गया। पंडालों में हमेशा वॉलेंटियर्स की उपस्थिति बनाए रखे । सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी रखे । उचित प्रकाश की व्यवस्था रखी जिससे रात्रि में आने जाने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो।
उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि गणेशोत्सव के दौरान लगातार मैदानी उपस्थिति बनाए रखें, आयोजकों एवं आमजन से संवाद करें तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करें। भीड़ भाड़ वाले इलाको में बैरिकेटिंग करना सुनिश्चित करे।
रतलाम पुलिस की प्राथमिकता—सुरक्षित वातावरण में उत्सव, गणेशोत्सव के दौरान रतलाम पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर सतत निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित भ्रमण एवं आयोजकों से समन्वय के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येंद्र घनघोरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रतलाम पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि गणेशोत्सव को शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाएं, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। रतलाम पुलिस आपकी सेवा एवं सुरक्षा में सदैव तत्पर।


































