रतलाम/पिपलोदा:
पिपलोदा तहसील के ग्राम मावता में राजस्व रिकॉर्ड, नामांतरण और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राम निवासी अर्जुन पिता अंबालाल कुमावत ने इस संबंध में SDM पिपलोदा, कलेक्टर रतलाम और SP रतलाम को लिखित शिकायत दी है।
शिकायतकर्ता के मुख्य आरोप इस प्रकार हैं: पुश्तैनी जमीन के रिकॉर्ड में नाम बदलने का आरोप:* शिकायतकर्ता अर्जुन का आरोप है कि उनके दादाजी की जमीन के मृतक नामांतरण में उनके पिता अंबालाल कुमावत और अन्य वारिसों के नाम दर्ज हो चुके थे। आरोप है कि बाद में संबंधित पटवारी और स्थानीय MP ऑनलाइन संचालक द्वारा कथित तौर पर फर्जी फर्द तैयार कर जमीन को दूसरे परिवार के नाम दर्ज कर दिया गया।

शिकायतकर्ता का दावा है कि यह फर्द MP ऑनलाइन केंद्र पर तैयार की गई थी।
कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग का दावा:* पीड़ित का दावा है कि उनके पास पटवारी से बातचीत की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग है, जिसमें “वो अपना आदमी था इसलिए नाम कर दिया” जैसी बात कही गई है। भारत न्यूज़ लाइव 24 इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। इसकी प्रामाणिकता की जांच प्रशासन द्वारा की जानी चाहिए।
PM किसान और स्वामित्व योजना में गड़बड़ी का आरोप:* ग्रामीणों का आरोप है कि PM किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ऐसे लोगों को मिल रहा है जिनके पास जमीन नहीं है। साथ ही स्वामित्व योजना के तहत हुए ड्रोन सर्वे और सरकारी भूमि सर्वे नंबर 749/1 पर भी कथित तौर पर गलत तरीके से नक्शा चढ़ाने का आरोप है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, इसी तरह का आरोप ग्राम के एक अन्य निवासी नागेश्वर के मामले में भी लगाया गया है। प्रशासन का पक्ष:इस मामले में संबंधित पूर्व पटवारी से पक्ष जानने का प्रयास किया गया। प्रशासन / संबंधित अधिकारियों का पक्ष आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

यह समाचार शिकायतकर्ता अर्जुन कुमावत द्वारा प्रस्तुत लिखित शिकायत और उनके द्वारा दिए गए दस्तावेजों / आरोपों पर आधारित है। इसमें लगाए गए सभी आरोप कथित हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि प्रशासनिक जांच से ही हो सकेगी।
सुनिए पीड़ित अर्जुन कुमावत, पीड़ित नागेश्वर कुमावत, पीड़ित चंपालाल को।
देखते रहिए भारत न्यूज़ लाइव 24
ये भी पढ़े
लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार आम जनता की आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधियों, मीडिया और अब तो आम व्यक्ति के सोशल मीडिया तक पर ताला लगा रही है। यह जनता में उठते उनके खिलाफ आक्रोश और सत्ताधीशों के मन में व्याप्त डर को बता रहा है। यह बात कहते हुए रतलाम कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सुजीत उपाध्याय ने पूर्व विधायक, रतलाम कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत के इंस्टाग्राम अकाउंट को बैन करने के विरोध में बयान जारी किया है।
उपाध्याय ने कहा कि इंस्टाग्राम संचालन करने वाली कंपनी मेटा ने बिना किसी सूचना के ही हर्षविजय गेहलोत का अकाउंट बंद कर दिया है। गेहलोत ने बताया कि उनके द्वारा वोट चोर गद्दी छोड़ की एक रील उनके अकाउंट पर सांझा की गई थी। इसके बाद बिना किसी वैध कारण के उनका अकाउंट भारत भर में बंद हो गया है। प्रवक्ता उपाध्याय ने आरोप लगाया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता वर्तमान में केवल कागजों तक सीमित है। क्या सत्ता से सवाल करना और सरकार की गलत नीतियों का विरोध करना गुनाह है। आवाज दबाने से सवाल खत्म नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अपने खिलाफ हर सच्ची आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। इंस्टाग्राम को इसलिए बैन करना क्योंकि सच वाली रील डाली ये बता रहा है कि सरकार की मंशा क्या है। लेकिन ये डर फैलाने से आबाज कभी दबेगी नहीं। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के खिलाफ लडाई लड़ती रहेगी।
रतलाम
बच्चों की सुरक्षा के लिए रतलाम पुलिस सख्त स्कूली ऑटो की चेकिंग, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई।स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की जांच एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशानुसार, डीएसपी यातायात आनंद सोनी के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा आज स्कूली ऑटो एवं अन्य वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान बच्चों को असुरक्षित तरीके से स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की गई।

15 स्कूली वाहनों की जांच, 04 स्कूली ऑटो जब्त–
यातायात पुलिस द्वारा की गई चेकिंग के दौरान कुल 15 स्कूली वाहनों की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 04 स्कूली ऑटो जब्त कर थाने में खड़े करवाए गए। इसके अतिरिक्त, 04 स्कूली ऑटो से बच्चों को बैठाने के लिए लगाए गए अतिरिक्त पटिए निकालकर जब्त किए गए तथा संबंधित वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। वाहनों में निर्धारित एवं सुरक्षित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी से बच्चों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा मोटरसाइकिल एवं स्कूटी पर तीन या चार बच्चों को बैठाकर ले जाने जैसे मामलों में भी चालानी कार्रवाई की गई। रतलाम पुलिस द्वारा अभिभावकों को समझाइश दी गई कि बच्चों को स्कूल भेजने के लिए सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप परिवहन साधनों का ही उपयोग करें। बच्चों को क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाले ऑटो में न भेजें तथा नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल या स्कूटी जैसे वाहन चलाने की अनुमति न दें।
अभिभावकों से रतलाम पुलिस की विशेष अपील–
बच्चों की सुरक्षा पुलिस के साथ अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन एवं वाहन चालकों की साझा जिम्मेदारी है। थोड़ी-सी लापरवाही बच्चों के जीवन को खतरे में डाल सकती है। अतः अभिभावक निम्नलिखित सावधानियों का विशेष ध्यान रखें बच्चों को सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप चलने वाले स्कूली वाहनों में ही भेजें। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले ओवरलोड ऑटो में बच्चों को न भेजें। स्कूली वाहन में बच्चों को असुरक्षित तरीके से बैठाने या अतिरिक्त पटिए लगाकर क्षमता बढ़ाने जैसी व्यवस्था को स्वीकार न करें। नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल, स्कूटी या अन्य वाहन चलाने की अनुमति न दें। दोपहिया वाहन पर बच्चों को बैठाकर ले जाते समय हेलमेट सहित आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन करें।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई–

रतलाम पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों के पालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्कूली वाहनों की जांच के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा उनकी सुरक्षा से समझौता न किया जाए। रतलाम पुलिस ने वाहन चालकों, अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें। रतलाम पुलिस यातायात नियमों का पालन करें, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।


































